बाढ़ का पानी घुसने से बाढ़ का संकट पैदा होने की संभावना
वैशाली: सहदेई बुजुर्ग/महनार - गंगा नदी के बढ़ते जलस्तर के कारण महनार नगर परिषद महनार के निचले इलाकों में बाढ़ का पानी घुसने से बाढ़ का संकट पैदा होने की संभावना बढ़ गई है।प्राथमिक विद्यालय फतेहपुर कमाली सहित वार्ड संख्या 21 के जंगलिया टोला में बाढ़ का पानी प्रवेश कर गया है।जिससे लोगों को काफी परेशानी हो रही है।
इस संबंध में बताया गया कि गंगा नदी के जलस्तर में लगातार वृद्धि के कारण नगर परिषद महनार के गंगा किनारे से लगे हुए निचले इलाके में बाढ़ का खतरा मंडराने लगा है।वही नगर परिषद महनार के वार्ड संख्या 19 स्थित फतेहपुर कमाली प्राथमिक विद्यालय के परिसर में बाढ़ का पानी प्रवेश कर गया है।जिसके कारण विद्यालय के बच्चों को विद्यालय आने से रोक दिया गया है।विद्यालय के प्रधानाध्यापक जयप्रकाश राम ने बताया कि बाढ़ का पानी विद्यालय परिसर में आ जाने के कारण बुधवार से विद्यालय के बच्चों को विद्यालय आने से रोक दिया गया है।केवल शिक्षक ही विद्यालय आ रहे हैं।वही नगर परिषद महनार के वार्ड संख्या 21 जंगलिया टोला में बाढ़ का पानी आ जाने से लोगों को परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।बताया गया कि गंगा नदी के किनारे बना बांध क्षतिग्रस्त होने के कारण जल स्तर में वृद्धि होने पर बाढ़ का पानी प्रवेश कर जाता है।
प्रत्येक वर्ष यहां बाढ़ के दौरान यही स्थिति पैदा होती है।गंगा के जलस्तर में वृद्धि होने के साथ ही फतेहपुर कमाली विद्यालय परिसर और जंगलिया टोला इसका शिकार बनता है।उल्लेखनीय है कि बाढ़ से बचाव कार्य के दौरान हसनपुर में दो सौ मीटर में बांध को ऊंचा कर दिया गया।लेकिन इससे बड़ी आबादी को इससे वंचित रखा गया।अगर यहां भी बाढ़ से पूर्व बचाव के उपाय कर लिए गए होते तो आज यह स्थिति नहीं बनती।नगर परिषद महनार के कार्यपालक पदाधिकारी जय कुमार ने कहा कि स्थिति पर नजर रखी जा रही है।उन्होंने बताया कि जंगलिया टोला में रोशनी की व्यवस्था की जा रही है।ताकि लोगों को परेशानी ना हो।
यहां उल्लेखनीय है कि जंगलिया टोला में आजादी के 75 वर्षों के बाद भी बिजली अभी तक नहीं पहुंची है।
महनार के अंचलाधिकारी रमेश प्रसाद सिंह ने बताया कि बाढ़ की गंगा नदी के बढ़ते जलस्तर को देखते हुए स्थिति पर नजर रखी जा रही है।जल निस्सरण विभाग लालगढ़ को सूचना देते हुए बाढ़ निरोधात्मक कार्य कराने का आग्रह किया गया है।उन्होंने बताया कि महनार प्रखंड के बहलोलपुर दियारा पर भी नजर रखी जा रही है।बताया कि गुरुवार से बहलोलपुर दियारा के लिए दो नावों का परिचालन शुरू किया जाएगा।ताकि वहां के लोगों को आवागमन की सुविधा मिल सके।
कोई टिप्पणी नहीं
Type you comments here!