रिपोर्ट चारोंधाम मिश्रा दावथ रोहतास
साहित्य, संस्कृति कला से जुड़े व्यक्तियों को दिया जाने वाला आरंभ सम्मान 2024 में चर्चित चित्रकार और कला समीक्षक भुवनेश्वर भास्कर को दिए जाने की घोषणा हुई है।
भुवनेश्वर भास्कर एक राष्ट्रीय चित्रकार एवं कला समीक्षक हैं। इनके चित्रों की अनेक प्रदर्शनी देश के विभिन्न हिस्सों एवं कला दीर्घाओं में हुई हैं। इनके चित्रों में आम आदमी का जीवन संघर्ष आशाएं और उम्मीद देखने को मिलती है। गांव की मिट्टी और खुशबू से जुड़ी हुई इनकी कृतियाँ राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय मुद्दों से जुड़कर एक विस्तृत फलक तैयार करती है। भुवनेश्वर भास्कर के अबतक अनेक आलेख एवं पुस्तकें प्रकाशित हुई हैं। इनकी प्रकाशित पुस्तकों के नाम हैं -भोजपुरी लोक संस्कृति और परंपराएं एवं कला संवाद, इन पुस्तकों का प्रकाशन भारत सरकार के प्रकाशन विभाग द्वारा हुआ है। भुवनेश्वर भास्कर को अब तक दर्जन भर पुरस्कार एवं मानव संसाधन विकास मंत्रालय भारत सरकार द्वारा राष्ट्रीय स्कॉलरशिप एवं जूनियर फेलोशिप प्राप्त हो चुका है। इन्हें मिले पुरस्कारों में कला लेखन के लिए बिहार सरकार द्वारा दिया जाने वाला दिनकर युवा पुरस्कार, सुनीता चोपड़ा मेमोरियल पुरस्कार, नई दिल्ली आदि प्रमुख हैं।
इनके 200 से अधिक आलेख देश के प्रतिष्ठित पत्र - पत्रिकाओं में प्रकाशित हो चुके हैं।
अब तक आरंभ सम्मान चर्चित कवि और क्षेत्रीय इतिहासकार लक्ष्मीकांत मुकुल और कवि ओमप्रकाश मिश्र को प्रदान किया गया है। इस बार के निर्णायक समिति में कवि लक्ष्मीकांत मुकुल कवि, कथाकार और जनपथ के सह संपादक ओमप्रकाश मिश्र, क्षेत्रीय इतिहास अध्येता शम्भू शरण और आरंभ विद्यालय के प्रधानाचार्य एवं साहित्य प्रेमी मनोज कुमार सिंह शामिल थे। आयोजकों के अनुसार भुवनेश्वर भास्कर को यह पुरस्कार फ़रवरी के प्रथम सप्ताह में उक्त सोसायटी द्वारा रोहतास जिले के डेढ़गांव में संचालित विद्यालय के परिसर में आयोजित एक भव्य समारोह मे प्रदान किया जाएगा।